राज्य
06-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) कल देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई वहीं 5 से ज्यादा की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा खुड़ैल थाना क्षेत्र में देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास उस समय हुआ जब बारातियों से भरा एक तूफान टेम्पो पीछे से तेज रफ्तार ट्रक में घुस गया जिसमें टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक सड़क पर गिर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 5 युवक अभी भी अस्पताल में गंभीर अवस्था में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मृतकों के नाम फरहान, आरिश, अरबाज और इरफान बताएं जा रहे है। एक ही परिवार और आसपास के रहने वाले 17 से 20 वर्ष के ये युवक आष्टा से बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि ट्रक भूसे से भरा हुआ था और चालक बेपरवाह अंदाज में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहा था इस दौरान ट्रक चालक ने ओवरटेक करते वक्त अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रहा टेम्पो संभल नहीं पाया और सीधा ट्रक में जा घुसा। पुलिस के अनुसार टेम्पो में कुल 11 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। अचानक ब्रेक लगने और पीछे से आ रही तेज रफ्तार के कारण यह भयावह टक्कर हुई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर ट्रक को आग लगाने की कोशिश की। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और माहौल पूरी तरह से बेकाबू होने लगा तो पुलिस ने समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया गया और यातायात बहाल किया गया। एएसपी रूपेश द्विवेदी के अनुसार परिजनों के आरोपों के आधार पर ट्रक चालक से पूछताछ की जाएगी और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आनंद पुरोहित/ 06 अप्रैल 2026