राष्ट्रीय
08-Mar-2026
...


-वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने विधानसभा में रखा बजट, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम आदमी क्लीनिक पर जोर चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब विधानसभा में राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह बजट मां-बेटियों को समर्पित है और सरकार की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पंजाब सरकार ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। बजट में हर महिला को 1000 रुपये प्रति माह देने की योजना के लिए प्रावधान रखा गया है। यह वादा आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किया था। शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा, कि वर्ष 2026–27 में शिक्षा क्षेत्र के लिए 19,279 करोड़ का बजट रखा गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 7 प्रतिशत अधिक है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकारी अस्पतालों में करीब 300 करोड़ रुपये के आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मशीनें खरीदी जा रही हैं। अस्पतालों के ढांचे को मजबूत करने की पहल सरकार ने राज्य के 23 जिला अस्पतालों और 42 उप-डिवीजनल अस्पतालों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इन अस्पतालों में स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया गया है। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेष विंग स्थापित किए जा रहे हैं। आम आदमी क्लीनिक का विस्तार राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए आम आदमी क्लीनिक का विस्तार किया जाएगा। चालू वर्ष में 100 नए क्लीनिक शुरू किए जा रहे हैं, जबकि वित्त वर्ष 2026–27 में 143 और क्लीनिक स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 308 सहायक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड कर आम आदमी क्लीनिक में बदला जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के पांच साल के कार्यकाल में राज्य में कुल 1,432 आम आदमी क्लीनिक स्थापित हो जाएं। इस योजना के लिए वर्ष 2026–27 में ₹351 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बजट पेश करने से पहले हरपाल चीमा ने अपनी माता मंजीत कौर का आशीर्वाद लिया और स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह तथा संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को नमन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। बजट दस्तावेज को पारंपरिक “फुलकारी” कवर में प्रस्तुत किया गया। हिदायत/ईएमएस 08मार्च26