राज्य
08-Mar-2026
...


-सीएम नीतीश कुमार के करीबी विधायक हरिनारायण सिंह ने किया दावा पटना,(ईएमएस)। बिहार में निशांत कुमार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। इस बीच जनता दल (यू) के विधायक हरिनारायण सिंह ने दावा किया है कि सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में बनने वाली नई सरकार में निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है। सीएम नीतीश के करीबी माने जाने वाले और नालंदा जिले के हरनौत से विधायक हरिनारायण सिंह ने दावा किया कि निशांत अगले महीने राज्य विधान परिषद के लिए निर्वाचित होंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने और राज्यसभा जाने के फैसले के बारे में अपने सहयोगियों को जानकारी देने के एक दिन बाद हरिनाराण सिंह ने यहां एक चैनल को बताया कि सीएम आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में, नई सरकार में निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। जद (यू) विधायक हरिनारायण सिंह ने कहा कि यह भी फैसला लिया गया कि निशांत औपचारिक रूप से जद (यू) में शामिल होंगे। चूंकि एक संवैधानिक पद संभालने के लिए उन्हें विधानमंडल का सदस्य बनना जरुरी है, इसलिए अप्रैल में नौ सीट के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में वह विधान परिषद के लिए निर्वाचित होंगे। जरूरी नहीं है कि वह अपने पिता के इस्तीफे के बाद खाली होने वाली सीट से चुनाव लड़ें। रिपोर्ट के मुताबिक हरिनारायण सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि निशांत नई सरकार बनने के तुरंत बाद डिप्टी सीएम बनेंगे या कुछ समय बाद। यह फैसला शीर्ष नेतृत्व द्वारा उचित समय पर लिया जाएगा। मैं इन अटकलों के बारे में कुछ नहीं कह सकता कि जद(यू) दो डिप्टी सीएम बनाये जाने पर जोर देगी। बता दें निशांत का राजनीति में प्रवेश का निर्णय उनके पिता के पद छोड़ने के फैसले के कुछ दिनों बाद हुआ है। नीतीश कुमार वंशवादी राजनीति के मुखर आलोचक के रूप में जाने जाते हैं और जिन्होंने लगातार पांचवें कार्यकाल के लिए शपथ लेने के चार महीने से भी कम समय के अंदर पद छोड़ने का फैसला किया। ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि सीएम का पद अब बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी को मिलेगा और जद(यू) गृह मंत्रालय के अहम प्रभार के साथ दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर जोर दे सकती है, जो वर्तमान व्यवस्था का पूर्ण उलट होगा। दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बीजेपी से हैं, जबकि गृह मंत्रालय का प्रभार चौधरी के पास है। सिराज/ईएमएस 08मार्च26