राष्ट्रीय
08-Mar-2026
...


-दुबई में छुट्टियां बिताने गईं एक्ट्रेस सुभाष्री गांगुली ने बताई आप बीती नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुबई में छुट्टियां बिताने गईं एक्ट्रेस सुभाष्री गांगुली अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण करीब एक हफ्ते तक वहां फंसी रहने के बाद भारत लौट आई हैं। बेटे युवान के स्कूल की छुट्टियों का आनंद लेने गई एक्ट्रेस को वहां युद्ध जैसे हालात और एयरस्पेस की पाबंदियों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति ‘बहुत डरावनी’ थी। वह मानसिक रूप से इतनी परेशान दिखीं कि उन्होंने ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुश्किल समय में फैंस के प्यार और दुआओं ने ही उन्हें हिम्मत दी। सफर में आई रुकावटों के बीच घर पहुंचना उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुभाष्री ही नहीं, एक्ट्रेस सोनल चौहान भी इस संकट के बीच दुबई में फंसी हुई थीं। हालात इतने बिगड़ गए थे कि फ्लाइट्स लगातार कैंसिल हो रही थीं और घर लौटने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में सोनल ने सीधे पीएम मोदी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए मदद की गुहार लगाई। उन्होंने अपनी पोस्ट में सरकार से रास्ता दिखाने और सुरक्षित वापसी की विनती की। उनकी इस अपील पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया, जहां कुछ लोगों ने उनके प्रति सहानुभूति दिखाई, वहीं कुछ ने पीएम को टैग करने पर उन्हें ट्रोल भी किया। खैर 3 मार्च को वह मुंबई लौट आईं और इंस्टाग्राम पर ‘आई एम कमिंग होम’ गाने के साथ अपनी खुशी जाहिर की। बता दें दुबई में चल रहे संकट की चपेट में सिर्फ ये दो अभिनेत्रियां ही नहीं, बल्कि खेल और सिनेमा जगत की कई और हस्तियां भी थीं। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु, ईशा गुप्ता, अजीत कुमार और एरिका फर्नांडिस यहां फंसी गई थीं, जिन्हें फ्लाइट्स बंद होने के कारण वहां रुकना पड़ा। धीरे-धीरे हालात संभलने पर इन सभी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी साझा की और फैंस को राहत दी। यह पूरा हफ्ता इन सितारों और उनके परिवारों के लिए बेहद तनावपूर्ण रहा, लेकिन सरकार की सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के दोबारा शुरू होने से आखिरकार सब सुरक्षित अपने मुल्क लौट आए हैं। सिराज/ईएमएस 08मार्च26