राष्ट्रीय
08-Mar-2026


सूरत (ईएमएस)| शहर में नशाबंदी अभियान के तहत पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में डिंडोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर वॉच लगाकर पुलिस ने मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स की बिक्री और तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दोनों पेडलर ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल कर शहर में ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने जब दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 4.99 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब 14,970 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई ऑटो रिक्शा, मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की है। कुल मिलाकर करीब 1,29,160 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है। डिंडोली पुलिस स्टेशन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी यह ड्रग्स कहां से लेकर आए थे और सूरत शहर में किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे। ऑटो रिक्शा जैसे सार्वजनिक परिवहन के जरिए नशे का कारोबार चलाने वाले इन आरोपियों से पूछताछ में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सतीश/08 मार्च