राष्ट्रीय
16-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। एलपीजी संकट के इस दौर में 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर प्रवासी मज़दूरों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण विकल्प बन गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने गुरुवार को एक रिलीज़ जारी कर कहा, 23 मार्च 2026 से अब तक लगभग 15.5 लाख 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। अगर आप प्रवासी मजदूर हैं और आपके कोई भी सरकारी पहचान पत्र है तो आप एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर खुद को रजिस्टर कर सकते हैं, और आपको 5 किलो वाला एलपीजी सिलेंडरआसानी से मिल सकता है। यह सिलेंडर आप डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस जाकर ले सकते हैं और 25 रूपये के चार्ज पर आपके घर पर भी इसकी डिलीवरी भी हो सकती है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, 3 अप्रैल, 2026 से अब तक सरकारी तेल और गैस कंपनियों ने 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए लिए 5600 से अधिक शिविर आयोजित किए हैं, जिनमें 69,000 से अधिक 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर बेचे गए। बुधवार को 500 से अधिक शिविरों के माध्यम से 8453 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर बेचे गए। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, देश में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई सामान्य रूप से चल रही है। बुधवार को पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा, मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है। एलपीजी वितरकों में एलपीजी की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। कल पूरे उद्योग में ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 98% की वृद्धि हुई। डायवर्जन को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी में लगभग 92% की वृद्धि हुई है। डीएसी उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होता है। बुकिंग के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से जारी है। सुबोध/१६ -०४-२०२६