राज्य
10-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं। वहीं सीएम रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। नई दिल्ली के उत्तम नगर में हुए चर्चित तरुण हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अब तक की गिरफ्तारियां पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर की गई हैं। मामले की जांच के दौरान सभी आरोपियों की भूमिका की पुष्टि की जा रही है। घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस अन्य साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं। दोनों मूल रूप से राजस्थान से आकर यहां बसे थे और एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में एक महिला मुसलमानों से आवाज उठाने की अपील करती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे कई वीडियो भ्रामक तरीके से प्रसारित किए जा रहे हैं। इन सभी वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और जिसकी भी इस मामले में संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/मार्च/2026