राज्य
10-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के नए उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू बुधवार को दोपहर 1:30 बजे लोक निवास में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। दिल्ली हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें 23वें एलजी के रूप में शपथ दिलाएंगे। दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल (एलजी) तरणजीत सिंह संधू बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1:30 बजे लोक निवास में आयोजित किया जाएगा। दिल्ली हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के 23वें एलजी के रूप में शपथ दिलाएंगे। निवर्तमान एलजी वी के सक्सेना को लद्दाख का एलजी नियुक्त किया गया है। वे शुक्रवार को लद्दाख में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण से पहले, संधू ने सोमवार को लोकनिवास का दौरा किया और सक्सेना से मुलाकात की। इस समय लोक निवास में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर हैं, जबकि सक्सेना अपने नए पदभार के लिए वहां से शिफ्ट होने की प्रक्रिया में हैं। गौरतलब है कि संधू 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) अधिकारी हैं और अमेरिका से जुड़े मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। तरणजीत सिंह संधू का राजनयिक करियर काफी प्रभावशाली रहा है, विशेषकर भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम रही है। 63 वर्षीय संधू ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की अमृतसर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें वहां सफलता नहीं मिली थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/मार्च/2026