राज्य
10-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। वसंत कुंज निवासी अनिल मारवाह दिल्ली मेट्रो के प्रति अपने अद्वितीय जुनून के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 8 मार्च को अपनी 41वीं पहली राइड पूरी की, हर नए रूट के उद्घाटन पर सबसे पहले यात्रा करते हैं। दिल्ली मेट्रो लाखों लोगों के लिए रोजाना सहूलियत भरी यात्रा का साधन है, लेकिन दिल्ली के वसंत कुंज निवासी अनिल मारवाह के लिए यह सिर्फ सफर नहीं, बल्कि एक जुनून है। यही वजह है कि वे हर नए रूट के उद्घाटन पर सबसे पहले मेट्रो में सवार होने की कोशिश करते हैं। इस जुनून के साथ वे आठ मार्च को बतौर पहले राइडर अपनी 41वीं यात्रा पूरी कर चुके हैं। मारवाह ने दीपाली चौक चौक से मजलिस पार्क तक की यात्रा भी सबसे पहला कार्ड लेकर की। इसके बाद मजलिस पार्क से मौजपुर-बदरपुर रूट पर भी सफर किया। मारवाह बताते हैं कि 1988-89 में वे जापान में थे, तब वहां लोकल मेट्रो का इस्तेमाल करते थे। उस समय उनके मन में यह ख्याल आता था कि दिल्ली में ऐसी आधुनिक सुविधा कब शुरू होगी। जब 2002 में दिल्ली मेट्रो शुरू हुई तो उन्होंने पहली ही यात्रा करने की ठानी और बेटे को लेकर शाहदरा से तीस हजारी तक का सफर पूरा किया। दिलचस्प बात यह है कि मेट्रो के प्रति यह लगाव उनके परिवार में भी देखने को मिलता है। उनके बेटे ने भी एक्वा लाइन पर बतौर पहले यात्री सफर किया है। मारवाह एक ट्रैवलिंग कंपनी में बतौर जीएम कार्यरत हैं।