राज्य
30-Apr-2026
...


- गृहमंत्री अमित शाह व सीएम सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया - भाजपा के राज्य में बिहारी और महिला होना गुनाह, अपराध पर बिफरे कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम पटना, (ईएमएस)। दिल्ली में बिहार के युवा पांडव कुमार की दिल्ली पुलिस के द्वारा गोली मारकर की गई हत्या तथा राजधानी पटना में 10 वर्षीय बच्ची रोशनी को न्याय दिलाने के लिए किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित सदाकत आश्रम के मुख्य गेट के सामने भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेसजनों ने देश के गृह मंत्री अमित शाह एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि दिल्ली में पांडव कुमार की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि वह बिहारी था। यह घटना न केवल एक युवक की हत्या है बल्कि पूरे बिहार की अस्मिता और सम्मान पर हमला है। बिहारी होना हमारी पहचान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय है, जिसे किसी भी कीमत पर अपमानित नहीं होने दिया जाएगा। क्या भाजपा के शासन काल में बिहारी होना गुनाह हो गया है? उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में 10 वर्षीय बच्ची रोशनी को न्याय दिलाने के लिए पटना साहिब विधानसभा के कांग्रेस उम्मीदवार शशांत शेखर और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर उन पर प्राथमिकी दर्ज कर दमनकारी कार्रवाई की है। यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। राजेश राम ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों का मनोबल इस कदर हावी है कि सरकारी कार्यालय में घुसकर हत्या की घटना को अंजाम दे देते हैं। कोई रोड रेज में भाजपा के ही नेता के परिजनों पर गोलियां उतार देते हैं। लेकिन राज्य की भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में पूरी तरीके से पंगु बनी हुई है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने सरकार से मांग की कि पांडव कुमार की हत्या की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए और रोशनी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहे लोगों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए। विरोध प्रर्दशन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की सचिव पूनम पासवान, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, कुमार आशीष, स्नेहाशीष वर्द्धन पाण्डेय, चन्द्रप्रकाश सिंह, अरविन्द लाल रजक, कमलदेव नारायण शुक्ला, राजीव मेहता, अनुराग चंदन, शशि भूषण पंडित,, मनोज शर्मा, सत्येन्द्र कुमार सिंह, मृणाल अनामय, प्रेमचन्द सिंह, डॉ.अमन कुमार, विमलेश तिवारी, दौलत इमाम,,डॉ.विजय कुमार, चन्द्रभूषण राजपूत, विनीता भगत, शहावुद्दीन, मुन्द्रिका यादव, राहुल भारद्वाज, फिरोज हसन, अरूण पाठक, रंजीत कुमार वाल्मीकी, वसीम अहमद, प्रभाकर झा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। - ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस