मुम्बई (ईएमएस)। टी20 विश्वकप में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपनी सफलता का श्रेय पत्नी को देते हुए कहा है कि जिस प्रकार उसने करियर के उतार-चढा़व में साथ दिया उसके लिए मैं उसका आभारी हूं। सैमसन टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने पांच मैचों में 321 रन बनाये, जिसमें 199.37 का स्ट्राइक रेट रहा। इस दौरान लगातार तीन अर्धशतक लगाये। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड भी मिला। ऐेसे में विश्वकप के बाद उनका पत्नी चारुलता पर प्यार उमड़ पड़ा। उन्होंने पत्नी के साथ तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया में लिखा, जिस दिन से मैं तुमसे मिला, तब से लेकर आज तक मेरे साथ रहने, मुझे वैसे ही प्यार करने और मेरे प्रति बिल्कुल सच्चे और ईमानदार रहने के लिए तुम्हारा बहुत-बहुत शुक्रिया। तुम बाहर की बातों पर ध्यान दिये बिना ही मेरे साथ खड़ी रहीं। तुमने मेरा साथ सबसे अच्छा और सबसे कठिन दौर भी देखा है। मेरे जिंदगी में क्रिकेट कितना मायने रखता है, यह समझने और इसे अपने लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण मानने के लिए तुम्हारा आभारी हूं। इस पल के लिए तुमने पूरे समर्पण के साथ सफलता की कामना की और सपना देखा जैसा मैंने किया। तुम्हारा बहुत-बहुत धन्यवाद। सैमसन को आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भी शामिल किया गया है। सैमसन टूर्नामेंट की शुरुआत में अंतिम ग्यारह से भी बाहर थे पर सलामी जोड़ी के असफल होने से उन्हें अवसर मिला जिसका उन्होंने पूरा लाभ उठाया। गिरजा/ईएमएस 10 मार्च 2026