एक बेटे की ताकत देखी जो पिता और देश के लिए खड़ा रहा लखनऊ (ईएमएस)। टी-20 विश्वकप विजेता भारतीय टीम में शामिल बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए पिछले कुछ दिन बेहद मुश्किल रहे। विश्वकप के दौरान ही रिंकू के पिता का निधन हो गया था। इसे बाद भी भी रिंकू देश के लिए खेलते रहे। पिता की अर्थी को कंधा देने और अंतिम संस्कार के बाद वह टीम के साथ जुड़ गये और अपनी जिम्मेदारी निभाई। रिंकू के इस जज्बे की सभी ने प्रशंसा की है। इसी बीच रिंकू की मंगेतर और सपा सांसद प्रिया सरोज ने भी उनको लेकर एक भावनात्मक संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया है। रिंकू और प्रिया की सगाई पिछले साल हुई थी। । प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया में लिखा, कुछ दिन स्याही से लिखे जाते हैं, लेकिन 8 मार्च जैसे दिन इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं। यह वह दिन है जब भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप जीतकर हर भारतीय के दिल को गर्व से भर दिया, एक ऐसा पल जिसे यह राष्ट्र पीढ़ियों तक याद रखेगा और मनाता रहेगा। उन्होंने इसमें रिंकू की मानसिक मजबूती के बारे में लिखा इस ऐतिहासिक जीत के बीच मैंने एक बेटे की ताकत भी देखी, जो अपने पिता, अपनी टीम और अपने देश के लिए डटकर खड़ा रहा। जीवन के सबसे कठिन पलों में भी मैदान पर उतरकर चैंपियन बनकर निकलना , यह एक अलग तरह के साहस की बात है।उन्होंने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी और रिंकू की ताकत की प्रशंसा की है। प्रिया ने लिखा टीम इंडिया और रिंकू आपको बधाई हो, जिन्होंने दुनिया को दिखाया कि असली ताकत क्या होती है।गौरतलब है कि रिंकू ने कठिन हालातों से निकलकर घरेलू क्रिकेट के बाद आईपीएल और भारतीय टीम में जगह बनायी। रिंकू की सफलता में पिता का बहुत बड़ा योगदान है। इस बात को रिंकू ने कई बार बताया है। ईएमएस 10 मार्च 2026