अंतर्राष्ट्रीय
10-Mar-2026


-इस हमले में कम से कम 175 लोग मारे गए, जिनमें से ज्यातादर स्कूली छात्राएं थीं वाशिंगटन,(ईएमएस)। डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ लॉमेकर्स ने ईरान के एक गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले की पूरी जांच की मांग की है, जिसमें ज्यादातर बच्चों समेत कम से कम 175 लोग मारे गए हैं। एक साझा बयान में अमेरिकी सीनेटर मार्क आर वार्नर, ब्रायन शाट्ज, पैटी मरे, जीन शाहीन, जैक रीड और क्रिस कून्स ने कहा कि वे 28 फरवरी को मीनाब शहर के पास स्थित एक ईरानी प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले से संबंधित नई रिपोर्टों से स्तब्ध हैं। लॉमेकर्स ने कहा कि इस हमले में कम से कम 175 लोग मारे गए, जिनमें से ज्यातादर स्कूली बच्चे थे। उन्होंने आगे कहा कि विश्वसनीय रूप से पता चलता है कि यह हमला अमेरिकी सेना द्वारा किया गया हो सकता है। अगर यह सच है तो मध्य पूर्व में दशकों से चली आ रही अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में नागरिकों की सबसे भीषण मौतों में से एक होगा। सीनेटरों ने कहा कि स्कूल के बच्चों की हत्या भयावह और किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य है। उन्होंने सैन्य अभियानों के संबंध में युद्ध सचिव पीट हेगसेथ के बयानों पर भी चिंता जताई। बयान में कहा गया है कि सेक्रेटरी हेगसेथ के बल प्रयोग के प्रति खुले तौर पर लापरवाह रवैये को देखते हुए यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक है। कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि हमले की पूरी तरह से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्यकर्मी सख्त नियमों के अधीन हैं, जिनका उद्देश्य उच्चतम व्यावसायिकता को बढ़ावा देना है। इसलिए इस घटना और इसी तरह की किसी भी घटना की पूरी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लॉमेकर्स ने पेंटागन से हमले से संबंधित परिस्थितियों पर स्पष्टता का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेक्रेटरी हेगसेथ को यह तय करना होगा कि रक्षा विभाग द्वारा इस हमले की चल रही जांच पूरी तरह से हो, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या किसी नीतिगत निर्णय ने इस त्रासदी में योगदान दिया हो। उन्होंने लॉमेकर्स और जनता के साथ पारदर्शिता की भी मांग की। बयान में कहा गया है कि हेगसेथ को अमेरिकी जनता और कांग्रेस को इस त्रासदी के घटित होने के तरीके और कारणों के बारे में स्पष्ट जवाब देना चाहिए। बता दें एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से उस फुटेज के बारे में पूछा गया था, जिसमें यह संकेत दिया गया था कि अमेरिकी मिसाइल हमले ने ईरानी स्कूल को नष्ट कर दिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अभी तक सबूतों की समीक्षा नहीं की है। उन्होंने कहा कि मैंने इसे नहीं देखा है। मामले की जांच चल रही है। राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि कई देशों के पास इसी तरह के हथियार हैं। पेंटागन ने हमले की जिम्मेदारी सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं की है। सिराज/ईएमएस 10मार्च26