-अमेरिका राष्ट्रपति का दावा- अमेरिका ही नहीं ईरान के पास भी हैं टॉमहॉक मिसाइलें वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान में एक स्कूल पर टॉमहॉक क्रूज मिसाइल से हुए हमले की खबरों पर कहा है कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास भी टॉमहॉक मिसाइलें हैं, जबकि विशेषज्ञों और मीडिया रिपोर्ट्स में साफ है कि मौजूदा संघर्ष में केवल अमेरिका ही इस मिसाइल का इस्तेमाल कर रहा है। बता दें 28 फरवरी को दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर में एक लड़कियों के प्राइमरी स्कूल पर हुए हमले में 175 से ज्यादा लोग मारे गए। इनमें ज्यादातर छात्राएं थीं। ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका और इजराल पर स्कूल पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह हमला जानबूझकर किया गया और इसमें सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों की मौत हुई है। मीडिया ने अंतिम संस्कार की तस्वीरें भी दिखाईं, जिसमें बच्चे की तस्वीरों वाले ताबूत ईरानी झंडों से ढके हुए थे। ईरान की सेमी-ऑफिशियल न्यूज एजेंसी की ओर से जारी वीडियो की जांच की और इसे वेरिफाई भी किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टॉमहॉक क्रूज मिसाइल स्कूल के पास गिर रही है। विशेषज्ञों ने पुष्टि की कि यह मिसाइल टॉमहॉक ही है, जिसके पंखों की खास शक्ल से इसकी पहचान होती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेलिंगकैट और एसोसिएटेड प्रेस के विश्लेषकों ने भी वीडियो और सैटेलाइट तस्वीरों की जांच की। उन्होंने कहा कि मिसाइल स्कूल के पास में इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के नौसेना बेस पर लगी, लेकिन स्कूल भी उसी हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अमेरिकी सेना ने उसी दिन होर्मुज जलडमरूमध्य के पास नौसेना ठिकानों पर हमले की पुष्टि की थी। बता दें एक रिपोर्टर के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि टॉमहॉक अन्य देशों की ओर से इस्तेमाल किया जाता है और बेचा जाता है। ईरान के पास भी कुछ टॉमहॉक हैं...मुझे इसके बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है। मुझे लगता है कि यह जांच के अधीन है। ट्रंप ने पहले भी कहा था कि उनका मानना है कि यह हमला ईरान ने ही किया, लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। अमेरिकी प्रशासन के अधिकारी ट्रंप के इस दावे से सहमत नहीं दिखे। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस घटना को लेकर कहा कि अमेरिका कभी जानबूझकर स्कूल पर हमला नहीं करेगा। हमारे लक्ष्य मिसाइलें और उन्हें लॉन्च करने की क्षमता हैं। इजराइली सेना के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें स्कूल पर हमले की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इजराइल या अमेरिका ने वहां हमला नहीं किया। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने अमेरिका और इजराइल पर सीधे स्कूल पर हमला करने का आरोप लगाया। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक हमले में 175 से ज्यादा लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे। ईरान ने इसे युद्ध अपराध बताया है और अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है। सिराज/ईएमएस 10मार्च26