क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


- पार्सल परिवहन संघ ने कलेक्टर से लगाई गुहार गुना (ईएमएस)।जिला प्रशासन द्वारा शहर में लागू की गई नई यातायात व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को पार्सल परिवहन संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर्स कलेक्टोरेट पहुंचे। व्यापारियों ने जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नए नियमों के कारण दैनिक आवश्यक वस्तुओं और जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है। दैनिक आपूर्ति और दवाओं का परिवहन हुआ बाधित पार्सल परिवहन संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश जैन और सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि ट्रांसपोर्टर मुख्य रूप से शहर की दैनिक घरेलू सामग्री, किराना और जीवन रक्षक औषधियों का परिवहन करते हैं। वर्तमान में यह कार्य शासन द्वारा निर्धारित औद्योगिक क्षेत्र से संचालित होता है, जिससे शहर की मुख्य ट्रैफिक व्यवस्था पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके बावजूद, हाल ही में लागू किए गए नए प्रतिबंधों के कारण वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। जनहित में पूर्ववत व्यवस्था बहाल करने की मांग ट्रांसपोर्टर्स का तर्क है कि यदि वाहनों को समय पर प्रवेश और निकासी नहीं मिली, तो बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कमी हो जाएगी और दवाइयों जैसी संवेदनशील सामग्री समय पर अस्पतालों व मेडिकल स्टोर्स तक नहीं पहुंच सकेगी। ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए मालवाहक वाहनों के लिए पूर्व की भांति आवागमन की अनुमति प्रदान की जाए। इस दौरान महिपाल सिंह, नितिन जैन, गुंजन गोयल और अन्य ट्रांसपोर्टर्स ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो शहर की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह चरमरा सकती है। जिला प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले की समीक्षा करने का आश्वासन दिया है। सीताराम नाटानी