- कॉकलीयर इम्प्लांट हेतु ग्वालियर जाने दी 5 हजार की आर्थिक सहायता श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई करते हुए कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित करने की कार्यवाही की गई। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई के दौरान कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए। मूकबधिर बालिका दिव्या का होगा आरबीएसके योजना में निशुल्क उपचार कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की पहल पर 3 वर्षीय मूकबधिर बालिका दिव्या बैरवा का निशुल्क उपचार मध्यप्रदेश शासन की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत होगा। इसके लिए लगभग साढे छ लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। मूकबधिर बालिका का ग्वालियर स्थित अग्रवाल हॉस्पीटल में ऑपरेशन कर कॉकलीयर इम्प्लांट किया जायेगा, जिससे बालिका बोलने और सुनने लगेगी। इसी क्रम में आज जनसुनवाई में आये बालिका के परिजनों को ग्वालियर अस्पताल जाने हेतु मार्ग व्यय के रूप में 5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई। इसके साथ ही कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने नायब तहसीलदार मानपुर श्री टीएस लकडा को निर्देश दिये कि परिवार का नाम बीपीएल सूची में शामिल किया जायें। उल्लेखनीय है कि ग्राम टहला निवासी श्री दिलखुश बैरवा द्वारा अवगत कराया गया था कि उसकी पुत्री दिव्या बैरवा जन्म से ही मूकबधिर है। इसी क्रम में बालिका के निशुल्क उपचार हेतु आरबीएसके अतंर्गत ऑपरेशन कर कॉकलीयर इम्प्लांट के लिए साढे छ लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई है तथा ग्वालियर तक आने- जाने के लिए 5 हजार रूपये की राशि रेडक्रॉस के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। बादाम बाई को मिलेगी दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा ग्राम बगदिया निवासी श्रीमती बादाम बाई को उनके आवेदन परीक्षण उपरांत अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत पति की सामान्य मृत्यु पर दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत होकर ईपीओ जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही बैंक खाते के माध्यम से राशि प्राप्त होगी। श्रीमती बादाम बाई द्वारा अपने पति स्व. श्री सुग्रीव मोगिया की मृत्यु पर दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान किये जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। पीएम किसान सम्मान निधि में लाभ के निर्देश कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई के दौरान ग्राम गोहेडा निवासी श्री विनोद वैष्णव के आवेदन पर भू-अभिलेख के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदान किया जायें। आवेदक द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि खाते में प्राप्त हो रही थी, जो कुछ माह पूर्व बंद हो गई है, इस मामले में निर्देश दिये गये कि डीबीटी अथवा ई-केवायसी आदि का सत्यापन कर परीक्षण किया जायें तथा पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ फिर से निरंतर करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें।