क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के खेड़ा खुर्द में एक नहर किनारे खड़ी कार में दो व्यक्तियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को कार से शराब के पाउच मिले हैं। शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। बाहरी उत्तरी दिल्ली के खेड़ा खुर्द इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर दो लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, थाना एनआईए क्षेत्र में मंगलवार को सूचना मिली कि सड़क किनारे नहर के पास खड़ी एक कार के अंदर दो लोग पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक सफेद रंग की ऑरा कार नंबर (यूपी-27 सीटी-7719) खड़ी मिली, जिसकी खिड़कियां बंद थीं और कार लॉक नहीं थी। पुलिस ने जब कार की जांच की तो अंदर से बदबू आ रही थी। कार के अंदर दो लोग बैठे हुए मृत अवस्था में मिले। कार के भीतर शराब के तीन पाउच भी मिले, जिनमें दो सील बंद और एक खुला हुआ था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/मार्च/2026