- फिट इंडिया वूमेन के महत्व का संदेश भिंड ( ईएमएस ) | कलेक्टर भिण्ड के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंजू तोमर के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति के अपघटक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के तहत फिट इंडिया वूमेन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना भिण्ड शहरी द्वारा जागरूकता रैली निकालकर फिट इंडिया वूमेन के महत्व को समझाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंजू तोमर के द्वारा बताया गया कि फिट इंडिया वूमेन की गतिविधियां केवल सप्ताह भर ही आयोजित नहीं होंगी, अपितु यह एक दैनिक जीवन में समाहित की जाने वाली प्रक्रिया है। फिट इंडिया वूमेन सप्ताह हो अथवा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हो सभी का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को न केवल शारीरिक तौर पर सशक्त करना अपितु उनके सर्वांगीण विकास हेतु मानसिक तौर पर, सामाजिक रूप से विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है। इसके साथ ही बाल विवाह गतिविधियों की परियोजना स्तर पर समीक्षा की गई और निर्देशित किया गया कि बाल विवाह की संभावना होने पर अंतिम समय के लिए इंतजार ना करें, अपितु सूचना मिलने पर तुरंत कार्यवाही करें और सभी प्रतिभागियों द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली गई। प्रमुख हेल्पलाइन नंबर 1098, 181, 1930, 112 के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहरी परियोजना अधिकारी सुलझना चौरसिया और सभी पर्यवेक्षक तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिलाए और किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।