- टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ ठगे 2.10 लाख इन्दौर (ईएमएस) साइबर ठगोरो और ठगी के खिलाफ इन्दौर पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद ये साइबर ठगोरे वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो रहे हैं। साइबर ठगोरो द्वारा दर्ज ऐसे ही ठगी के एक नये मामले में इन ठगोरो ने ऑनलाइन निवेश और एआई ट्रेडिंग के नाम पर 2 लाख 10 हजार रुपए की ठगी को अंजाम दिया। मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है जहां इन साइबर ठगोरो ने एक युवक को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए इंटरनेशनल ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा दे ठगी की। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संजय बनवार निवासी कुन्दन नगर ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते बताया कि कुछ समय पहले टेलीग्राम पर एक्सग्रो विथ इन्वेस्टमेंट वर्ल्डवाइड नामक एक ग्रुप में उसको जोड़ा गया था। ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को इंटरनेशनल मार्केट में ट्रेडिंग करने वाला बताया था। एडमिन ने दावा किया था उनका सिस्टम एआई तकनीक से मल्टी ट्रेडिंग करता है। इससे 100 प्रतिशत तक सटीकता के साथ अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। संजय ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्रुप में शामिल होने के बाद उसने देखा कई यूजर अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट और लेन-देन के सबूत साझा कर रहे थे। इससे उसे भी भरोसा हो गया कि प्लेटफॉर्म असली है। इसके बाद उसने कुछ लोगों से चैट भी की, जिन्होंने बताया प्लेटफॉर्म से अच्छा पैसा कमा रहे हैं। पूरा भरोसा होने पर उसने एडमिन से सम्पर्क किया तो उसने ट्रेडिंग शुरू करने के लिए बिनेंस और कू-कॉइन ऐप पर अकाउंट बनाने के लिए कहा। साथ ही यूएसडीटी (डिजिटल करेंसी) खरीदने के लिए यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करने को कहा। भरोसे में आकर संजय के बताए गए खातों में 2 लाख 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद जब उसने ट्रेडिंग और मुनाफे के बारे में जानकारी लेनी चाही तो एडमिन और अन्य लोग जवाब देने से बचने लगे। जिसके बाद उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। फिर उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब जांच कार्रवाई कर रही है। आनंद पुरोहित/ 10 मार्च 2026