क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


-1093 महिलाओं की हुई जांच, 361 महिलाएं निकलीं हाईरिस्क गर्भवती ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले के 31 सरकारी अस्पतालों में लगातार दो दिन यानि 09 व 10 मार्च को एचआरपी क्लीनिक लगाई गईं। इन एचआरपी क्लीनिक में 1093 गर्भवती माताओं की जाँच की गई। इनमें से 361 महिलाओं को हाई रिस्क (अधिक जोखिम) गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दवाएँ व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती माताओं का प्रसव होने तक लगातार फोलोअप कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए है। ज्ञात हो प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर माह की 9 व 25 तारीख की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाईरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जाती है। ग्वालियर जिले में राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित ढंग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हाईरिस्क गर्भवती माताओं के चिन्हांकन व जांच के साथ-साथ उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव से प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 व 10 मार्च को लगाई गई एचआरपी क्लीनिक में गर्भवती महिलाओं की आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोवबिन सहित खून की अन्य जांचे और यूरिन की जांच की गई। जाँच में 361 महिलायें हाईरिस्क गर्भवती पाई गई हैं। इनमें से 7 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही 241 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई। साथ ही 62 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया। एचआरपी क्लीनिक में आईं महिलाओं को फल और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया गया। इन संस्थाओं में लगाई गईं एचआरपी क्लीनिक जिले के जिन चिकित्सालयों में एचआरपी क्लीनिक लगाई गईं, उनमें जिला चिकित्सालय मुरार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापूर, भितरवार, मोहना, डबरा व दीनदयालनगर शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, चीनौर, वीरपुर, आतरी, पिछोर व कुलैध, प्रसूति गृह माधौगंज व बिरलानगर, यूपीएचसी लक्ष्मीगंज, हुरावली, पंतनगर, ठाठीपुर, बहोड़ापुर, निम्माजी की खो व सिविल हॉस्पिटल हजीरा , सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज व सिविल अस्पताल हेमसिंह की परेड शामिल हैं एवं आदर्श मिल , सागर ताल, नाका चंद्रवंनी, तृप्ति नगर, राजा की मंडी, मेहरा कालोनी व तुरारी पीएचई कालोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शामिल हैं।