क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


- डेढ़ दर्जन मकानों पर लगाए निशान, 35 फुट चौड़ी होगी सडक़ गुना (ईएमएस)। शहर के बूढ़े बालाजी से टेकरी रोड तक बन रही नई सडक़ के निर्माण में आ रहे अवरोधों को दूर करने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सडक़ की नपाई की और अतिक्रमण की जद में आ रहे करीब डेढ़ दर्जन मकानों को चिन्हित कर उन पर निशान लगाए। पतली सडक़ की शिकायत पर पहुंची टीम एसडीएम शिवानी पांडे ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग पर सडक़ का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सडक़ बहुत पतली बनाई जा रही है, क्योंकि मार्ग के दोनों ओर लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। स्वयं विधायक पन्नालाल शाक्य ने मौके पर निरीक्षण कर नाराजगी जाहिर की थी। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्तमान में मौके पर सडक़ केवल 15 फुट चौड़ी है, जबकि नक्शे और योजना के अनुसार इसे 25 से 35 फुट तक चौड़ा किया जाना है। नपाई के बाद दी गई चेतावनी मंगलवार को राजस्व और पीडब्ल्यूडी की टीम ने बूढ़े बालाजी क्षेत्र से लेकर टेकरी रोड तक फीता डालकर नपाई की। देर शाम तक चली इस कार्रवाई में 15 से अधिक मकान और अन्य निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में पाए गए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सडक़ के बीच आ रहे इन अवैध निर्माणों को जल्द ही हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी ताकि सुगम यातायात के लिए चौड़ी सडक़ का निर्माण हो सके। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप मच गया है। सीताराम नाटानी