जो देश इजराइल-अमेरिका के राजदूतों को निकालेगा, उसके ही जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने देंगे एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जाने देंगे तेल अवीव/तेहरान(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच ईरान ने कहा है कि वह एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जाने देगा। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के गुजरने को लेकर एक नई शर्त रखी है। इजराइली मीडिया वाइनेट की रिपोट्र्स के मुताबिक ईरान की सेना इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्र्स ने कहा है कि कुछ देशों के जहाजों को इस रास्ते से गुजरने दिया जा सकता है, लेकिन इसके लिए उन देशों को पहले इजराइल और अमेरिका के राजदूतों को अपने देश से निकालना होगा। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया का बहुत अहम समुद्री रास्ता है। हर साल दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की सप्लाई इसी रास्ते से गुजरती है। हालांकि अमेरिकी सूत्रों का कहना है कि ईरान इस रास्ते से गुजरने वाले तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाजों पर सिक्योरिटी टैक्स यानी सुरक्षा शुल्क लगाने की योजना बना रहा है, खासकर उन जहाजों पर जो अमेरिका के सहयोगी देशों के हैं। हमले के लिए हमारी जमीन का इस्तेमाल न करे इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने अमेरिका से कहा है कि इराक की जमीन या एयरस्पेस का इस्तेमाल पड़ोसी देशों पर हमले के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह बात अमेरिकी विदेश मंत्री मार्के रुबियो से फोन पर बातचीत के दौरान कही। इराक के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश ईरान जंग में शामिल नहीं होना चाहता और किसी भी तरह के संघर्ष से दूर रहना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी देश इराक के एयरस्पेस का उल्लंघन नहीं करे। युद्ध शुरू होने के बाद इराक के ऊपर कई तरफ से फाइटर जेट्स और मिसाइलें गुजरते देखे गए थे। हम युद्धविराम नहीं चाहते, हमलावरों को कड़ा जवाब देंगे ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने कहा है कि उनका देश अभी युद्धविराम नहीं चाहता। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईरान पर हमला करने वालों को कड़ा जवाब दिया जाएगा, ताकि वे दोबारा ऐसा करने की हिम्मत न करें। गालिबाफ ने कहा कि ईरान को नहीं लगता कि अमेरिका और इजराइल से बातचीत करके यह युद्ध खत्म होगा। उनके मुताबिक, ईरान उस हालात को खत्म करना चाहता है जिसमें पहले युद्ध होता है, फिर बातचीत और सीजफायर होता है, और कुछ समय बाद फिर से युद्ध शुरू हो जाता है। इराक ने एयरस्पेस बंद रखने की अवधि बढ़ाई इराक के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने देश के एयरस्पेस को बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है। अब सभी आने-जाने और ऊपर से गुजरने वाली उड़ानों के लिए इराक का एयरस्पेस अगले 72 घंटे तक बंद रहेगा। यह अस्थायी एहतियाती कदम आज दोपहर से लागू किया गया है और यह शुक्रवार तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला क्षेत्र में जारी सुरक्षा स्थिति और हालिया घटनाओं को देखते हुए लिया गया है। प्राधिकरण ने यह भी कहा कि हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है और स्थिति में बदलाव होने पर आगे का फैसला लिया जाएगा। विनोद उपाध्याय / 10 मार्च, 2026