राज्य
10-Mar-2026
...


:: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चिकित्सा और सुरक्षा क्षेत्र की नायिकाओं का सम्मान, गूँज उठा एमवाय अस्पताल :: इंदौर (ईएमएस)। नारी के बिना न सृष्टि संभव है, न ही समाज। इसी ओजस्वी विचार के साथ इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को एक उत्सव की तरह मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य ध्येय था - सशक्त नारी, सशक्त देश; स्वस्थ नारी, समृद्ध देश। यह आयोजन केवल रस्म अदायगी नहीं, बल्कि उन महिला योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बना, जो चिकित्सा और सुरक्षा के मोर्चे पर समाज की सेवा में समर्पित हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती यांगचेन भूटिया ने अपने संबोधन में महिलाओं को नई ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने कहा कि आज की महिला न केवल आत्मनिर्भर है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की धुरी भी है। उन्होंने एक ऐसे सुरक्षित वातावरण के निर्माण पर जोर दिया जहाँ महिलाएँ अपनी पूरी क्षमता से देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। उनके ओजस्वी वचनों ने उपस्थित सभी में एक नया आत्मविश्वास जगा दिया। एमवायएच के प्रांगण में चिकित्सा, सुरक्षा और अध्यात्म के क्षेत्र की दिग्गजों का संगम हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर सीनियर कमांडेन्ट (बीएसएफ) डॉ. मिता, ब्रह्मकुमारी हेमलता, डॉ. प्रीति जैन, डॉ. सुमित्रा यादव, डॉ. केशकली शर्मा, डॉ. परिधि शिवदे, डॉ. संगीता पानेरी और डॉ. साधना सोढानी जैसी विभूतियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण वह था जब उन महिला चिकित्सकों, नर्सेस और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कोरोना काल से लेकर आज तक अपनी जान जोखिम में डालकर अनगिनत जिंदगियाँ बचाईं। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किए गए, जो उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान का प्रतीक थे। संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. अशोक यादव के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को नई ऊँचाई देने में एमवायएच की समर्पित टीम - डॉ. अमृता त्रिपाठी, डॉ. खुशबू लिखार, डॉ. निधि शर्मा, श्रीमती कविता शाह, श्रीमती अफसाना खान, श्रीमती गुरमीत कौर, श्रीमती संगीता जोशी, श्रीमती अनुराधा गुप्ता और डायलिसिस यूनिट की कुशल वक्ता श्रीमती निकिता यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता के सूत्रधार एमजीएम मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र वर्मा, डॉ. रामू ठाकुर और डॉ. सचिन शर्मा रहे, जिन्होंने आयोजन के हर पहलू को सुव्यवस्थित किया। महिला दिवस के इस आयोजन ने एमवाय अस्पताल के गलियारों में केवल सम्मान की गूँज ही नहीं छोड़ी, बल्कि हर महिला को उसके सामर्थ्य की याद दिलाकर एक नई प्रेरणा दी। प्रकाश/10 मार्च 2026