:: वैचारिक स्पष्टता को बताया संगठन की अजेय शक्ति; शीर्ष नेतृत्व ने दिए संस्कार और साधना के मंत्र :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संगठनात्मक ढांचे को अभेद्य बनाने के लिए एक व्यापक वैचारिक शंखनाद कर दिया है। इंदौर के विजय नगर स्थित गुजराती इनोवेटिव कॉलेज में आयोजित संभाग स्तरीय विषय वक्ता कार्यशाला के साथ ही राष्ट्रव्यापी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अभियान का लक्ष्य देशभर में लगभग 80 लाख कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से निपुण कर उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करना है। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि रैलियां और प्रदर्शन समाज-केंद्रित गतिविधियाँ हैं, लेकिन प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता के बौद्धिक और संगठनात्मक विकास की वास्तविक प्रयोगशाला हैं। उन्होंने कहा, एक सक्षम और वैचारिक रूप से स्पष्ट कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन की आधारशिला होता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वैचारिक स्पष्टता के अभाव में वे अंतर्विरोधों के भंवर में फँसे हैं, जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा का समर्पित प्रतिनिधि है। प्रशिक्षण से न केवल व्यक्तित्व निखरता है, बल्कि संगठन को वह नई ऊर्जा मिलती है, जो भाजपा को अन्य दलों से अलग करती है। इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने इंदौर, निमाड़, उज्जैन और मंदसौर संभाग के कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ वैचारिक संवाद साझा किया। मंच पर प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर और प्रशिक्षण महाअभियान के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 1952 से अब तक पार्टी अपनी मूल विचारधारा पर अडिग है। खण्डेलवाल ने कहा, यही वैचारिक अडिगता भाजपा को एक अजेय राजनीतिक शक्ति बनाती है। हम इसी निष्ठा को 80 लाख कार्यकर्ताओं में हस्तांतरित कर रहे हैं। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रशिक्षण को निरंतर सीखने की प्रक्रिया बताते हुए कार्यकर्ताओं को अभ्यास और साधना के माध्यम से पारंगत बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह राजपूत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रणवीर सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू और अनंत पंवार सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और विधायक गण उपस्थित रहे। प्रकाश/10 मार्च 2026