लेख
11-Mar-2026
...


भारतीय रेल के स्वर्णिम इतिहास की विराट गाथा में कुछ ऐसे अध्याय भी हैं जो केवल परिवहन व्यवस्था की उपलब्धि भर नहीं,बल्कि प्रकृति,रोमांच,मानवीय परिश्रम और तकनीकी कौशल के अद्भुत समन्वय के प्रतीक बनकर उभरते हैं।दक्षिण भारत की नीलगिरि पर्वतमाला में स्थित पर्वतीय नगर कुनूर और वहाँ से गुजरने वाली ऐतिहासिक नीलगिरि माउन्टे ड रेलवे की टॉय ट्रेन ऐसी ही एक जीवंत कथा है, जिसे देखने और अनुभव करने का सौभाग्य जब हमें मिला तो लगा मानो भारतीय रेल की स्वर्णिम विरासत के किसी सजीव अध्याय के साक्षी बन रहे हों।नीलगिरि की पहाड़ियाँ प्रकृति की अनुपम छटा से परिपूर्ण हैं।यहाँ पर्वतों की हरित श्रृंखलाएँ,धुंध से घिरी घाटियाँ,झरनों की मधुर ध्वनि और दूर-दूर तक फैले चाय बागान ऐसा दृश्य उपस्थित करते हैं मानो प्रकृति ने स्वयं अपने हाथों से कोई विशाल चित्र रच दिया हो।इन्हीं पहाड़ियों के मध्य स्थित कुनूर रेलवे स्टेशन इस प्राकृतिक सौंदर्य के बीच एक ऐतिहासिक धरोहर की तरह दिखाई देता है।यह केवल एक स्टेशन नहीं, बल्कि भारतीय रेल की उस गौरवपूर्ण यात्रा का साक्ष्य है जिसने कठिन से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया।जब टॉय ट्रेन की यात्रा का अवसर मिला और रेल धीरे-धीरे कुनूर स्टेशन की ओर बढ़ने लगी, तो खिड़की से बाहर झांकते ही ऐसा लगा जैसे हम किसी स्वप्निल संसार में प्रवेश कर रहे हों।पहाड़ियों के बीच घुमावदार पटरियों पर धीरे-धीरे आगे बढ़ती ट्रेन, दूर तक फैली हरियाली और बादलों से ढकी घाटियाँ मन को अनायास ही रोमांच से भर देती हैं। उस क्षण यह एहसास होता है कि भारतीय रेल केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने का साधन भर नहीं,बल्कि अनुभवों और स्मृतियों की ऐसी यात्रा है जो जीवन भर साथ रहती है।नीलगिरि पर्वतमाला का यह क्षेत्र लंबे समय से अपनी शीतल जलवायु और प्राकृतिक शांति के कारण आकर्षण का केंद्र रहा है।औपनिवेशिक काल में जब अंग्रेज अधिकारी दक्षिण भारत की गर्म जलवायु से राहत पाने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों की तलाश कर रहे थे,तब नीलगिरि की पहाड़ियों ने उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया।उस समय पर्वतीय नगर उटी को एक प्रमुख हिल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा था,किंतु इन पहाड़ियों तक पहुँचना अत्यंत कठिन था।संकरी और घुमावदार सड़कों के कारण यात्रा लंबी और जोखिमपूर्ण होती थी। इसी कठिनाई को दूर करने के लिए पर्वतीय रेलमार्ग की कल्पना की गई।इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत मैदानी क्षेत्र के मिथुप्लेयम Mettupalayam से पर्वतीय क्षेत्रों तक रेलमार्ग निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ।उस समय पहाड़ों के बीच रेलवे लाइन बनाना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था।तीखी ढलानें, गहरी घाटियाँ और घने जंगल निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करते थे,किंतु इंजीनियरों की तकनीकी कुशलता और हजारों श्रमिकों के अथक परिश्रम ने इस असंभव प्रतीत होने वाले कार्य को संभव बना दिया।अनेक वर्षों की मेहनत के बाद वर्ष 1908 में नीलगिरि पर्वतीय रेलमार्ग पूर्ण रूप से तैयार हुआ और इसने पर्वतीय क्षेत्र के सामाजिक तथा आर्थिक जीवन को नई दिशा प्रदान की।कुनूर रेलवे स्टेशन इस ऐतिहासिक रेलमार्ग का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।समुद्र तल से लगभग 1850 मीटर की ऊँचाई पर स्थित यह स्टेशन पहाड़ियों की हरियाली के बीच शांत वातावरण में स्थित है।ब्रिटिश कालीन स्थापत्य शैली में निर्मित स्टेशन भवन,पत्थर और लकड़ी की संरचना,पारंपरिक संकेतक और लकड़ी की बेंचें यात्रियों को अतीत के समय की स्मृतियों से जोड़ देती हैं।यहाँ पहुँचते ही ऐसा लगता है मानो समय की गति कुछ क्षणों के लिए थम गई हो।नीलगिरि पर्वतीय रेल की सबसे बड़ी पहचान इसकी प्रसिद्ध टॉय ट्रेन है।आकार में छोटी लेकिन आकर्षण में अत्यंत विशाल यह ट्रेन लगभग 46 किलोमीटर की यात्रा में सुरंगों, पुलों और सैकड़ों घुमावदार मोड़ों से होकर गुजरती है।जैसे-जैसे ट्रेन पहाड़ों की ढलानों पर धीरे-धीरे चढ़ती है,वैसे-वैसे प्रकृति के दृश्य और भी मनोहारी होते जाते हैं। कहीं घाटियों में तैरते बादल दिखाई देते हैं,कहीं झरनों की धाराएँ चमकती हुई बहती नजर आती हैं, तो कहीं दूर-दूर तक फैले चाय बागान हरे कालीन की तरह बिछे दिखाई देते हैं।यात्रा के दौरान कई बार ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रेन बादलों के बीच से होकर गुजर रही है।उस क्षण यात्रियों के चेहरे पर आश्चर्य और आनंद की मिश्रित अनुभूति स्पष्ट दिखाई देती है। पहाड़ों के बीच गूँजती इंजन की सीटी और भाप के बादल मानो इस यात्रा को और भी रोमांचक बना देते हैं।यह अनुभव केवल एक रेल यात्रा नहीं,बल्कि प्रकृति के साथ एक आत्मीय संवाद बन जाता है।इस रेलमार्ग की तकनीकी विशेषता भी अत्यंत उल्लेखनीय है।पहाड़ों की तीखी ढलानों पर ट्रेन को सुरक्षित रूप से चढ़ाने के लिए यहाँ ‘रैक एंड पिनियन’ प्रणाली का उपयोग किया गया है।पटरियों के बीच लगी दाँतेदार पटरी इंजन को मजबूती प्रदान करती है जिससे ट्रेन कठिन ढलानों पर भी स्थिर गति से आगे बढ़ सकती है।यही तकनीकी विशेषता इस रेलमार्ग को विश्व के अन्य पर्वतीय रेलमार्गों से अलग पहचान प्रदान करती है।इस ऐतिहासिक महत्व को स्वीकार करते हुए वर्ष 2005 में यूएनई एससीओ ने नीलगिरि पर्वतीय रेल को विश्व धरोहर का दर्जा प्रदान किया। यह सम्मान केवल एक रेलवे लाइन के लिए नहीं, बल्कि उस पूरी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के लिए है जो इस रेलमार्ग के साथ विकसित हुई है।यात्रा के दौरान ट्रेन की खिड़की से बाहर झांकते हुए जब दूर तक फैले चाय बागानों, छोटे-छोटे पहाड़ी गाँवों और घने जंगलों को देखा,तो लगा कि यह केवल एक पर्यटक स्थल नहीं बल्कि प्रकृति की गोद में बसी हुई एक जीवंत सभ्यता है।कहीं बंदरों के झुंड यात्रियों का स्वागत करते दिखाई देते हैं तो कहीं झरनों की ध्वनि वातावरण को मधुर संगीत से भर देती है।नीलगिरि टॉय ट्रेन की यात्रा आज भी हजारों पर्यटकों को आकर्षित करती है।देश-विदेश से आने वाले यात्री इस अनूठी रेल यात्रा का अनुभव करने के लिए यहाँ पहुँचते हैं।इस कारण स्थानीय होटल उद्योग,बाजार,टैक्सी सेवाएँ और चाय उद्योग को भी व्यापक लाभ मिलता है।इस प्रकार यह रेलमार्ग न केवल पर्यटन का केंद्र है बल्कि स्थानीय विकास और रोजगार का भी महत्वपूर्ण आधार बन चुका है।इस यात्रा का सबसे सुखद क्षण वह था जब ट्रेन धीरे-धीरे कुनूर स्टेशन से आगे बढ़ते हुए पहाड़ियों के बीच खोती चली गई।उस समय मन में यह अनुभूति स्पष्ट थी कि यह यात्रा केवल कुछ घंटों की रेल यात्रा नहीं,बल्कि भारतीय रेल के गौरवशाली इतिहास और प्रकृति की अद्भुत छटा के बीच बिताया गया एक अविस्मरणीय अनुभव है।नीलगिरि की शांत और हरित पहाड़ियों के बीच स्थित कुनूर रेलवे स्टेशन और नीलगिरि पर्वतीय रेल वास्तव में भारतीय रेल की एक अमूल्य धरोहर है। यहाँ की यात्रा हर यात्री के मन में आनंद, रोमांच और स्मृतियों की ऐसी छाप छोड़ती है जो जीवन भर साथ रहती है। जब यह छोटी-सी टॉय ट्रेन पहाड़ों के बीच धीरे-धीरे आगे बढ़ती है तो लगता है मानो समय भी उसके साथ ठहर गया हो।प्रकृति की गोद में बीते वे क्षण मन में एक गहरी शांति और संतोष का भाव जगाते हैं।निस्संदेह यह कहा जा सकता है कि कुनूर रेलवे स्टेशन और नीलगिरि पर्वतीय रेल केवल एक रेलमार्ग नहीं,बल्कि भारत की सांस्कृतिक,ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत का ऐसा अमूल्य प्रतीक है जिसकी यात्रा हर यात्री के लिए एक सुखद, रोमांचक और चिरस्मरणीय अनुभव बन जाती है।नीलगिरि पर्वतीय में मध्य कुनूर रेलवे स्टेशन व टॉय रेल *भारतीय रेल के स्वर्णिम इतिहास,रोमांच,पर्यटन और विकास की अविस्मरणीय यात्रा की स्वर्णिम गाथा* मेरी व मेरे सहयात्री के मानस पटल अंकित हो गया । ईएमएस/11/03/2026