इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गत दिवस अत्यधिक गर्मी और जारी मरम्मत कार्य के कारण रनवे की बिटुमेन (डामर) परत नरम पड़ने से विमानों का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। तकनीकी बाधा के चलते इंडिगो की दो यात्री उड़ानों (दिल्ली-इंदौर और रायपुर-इंदौर) को सुरक्षा कारणों से एहतियात के तौर पर भोपाल की ओर डायवर्ट करना पड़ा। हवाई अड्डा पीआरओ रामस्वरूप यादव ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट पर रनवे की री-कार्पेटिंग (पुनः सतह बिछाने) का कार्य प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच किया जा रहा है। इसी दौरान उच्च तापमान के असर से हाल ही में बिछाई गई बिटुमेन की परत नरम होकर ढीली पड़ गई थी। सूचना मिलते ही हवाई अड्डा प्रशासन की सिविल इंजीनियरिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। मात्र 20 मिनट के भीतर रनवे की मरम्मत का काम पूरा कर उसे पुनः सुरक्षित घोषित कर दिया गया। सुरक्षा मानकों की गहन जांच के बाद अब हवाई अड्डे पर विमानों का आवागमन पूरी तरह से सामान्य हो गया है। प्रशासन ने इसे एक तकनीकी चुनौती बताया जिसे समय रहते पहचान कर दूर कर लिया गया।