राज्य
11-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। मार्च में ही गर्मी सताने लगी है। दिल्ली में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि राजस्थान और गुजरात के कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन देश के अलग-अलग राज्यों में भीषण गर्मी का असर दिखने लगा है। उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के कुछ राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक दिल्ली में मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, जबकि दिन में गर्मी बढ़ेगी मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 11 से 15 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शिमला में 11 और 12 मार्च को गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 11 से 16 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को जबकि पश्चिमी राजस्थान में 14 मार्च को और पूर्वी राजस्थान में 14 और 15 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी अलग-अलग दिनों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/11/मार्च /2026