राज्य
11-Mar-2026


जयपुर (ईएमएस)। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अधिकारियों को आगामी गर्मी सीजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गर्मी की तीव्रता अधिक रहने के आसार हैं। ऐसे में विद्युत मांग में संभावित बढ़ोतरी का आंकलन करते हुए अधिकारी बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। नागर विद्युत भवन में ऊर्जा विभाग एवं विद्युत निगमों के अधिकारियों के साथ आगामी गर्मियों में विद्युत मांग एवं उपलब्धता की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्युत गृहों के कॉमन पूल से बिजली का आवंटन प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष में भारत सरकार ने गर्मी के सीजन में 750 मेगावाट तक का कोटा आवंटित किया था, जिससे आपूर्ति प्रबंधन में मदद मिली थी। ऊर्जा मंत्री ने लघु अवधि आधार पर एक्सचेंज से बिजली खरीद के लिए भी निविदा प्रक्रिया अभी से सम्पादित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव, ऊर्जा अजिताभ शर्मा ने निर्देश दिए कि उत्पादन निगम द्वारा थर्मल यूनिटों का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए जिससे कि यूनिटों के अनावश्यक ट्रिप होने की सम्भावनाओं को कम किया जा सके। साथ ही अधिकतम उत्पादन हासिल किया जा सके। उन्होंने उत्पादन निगम को बैटरी ऊर्जा भण्डारण प्रणाली के कार्य की प्रगति में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। राजस्थान ऊर्जा विकास एण्ड आईटी सर्विसेज के प्रबंध निदेशक ओम कसेरा ने आगामी अप्रैल माह से सितम्बर माह तक ऊर्जा की औसत मांग, उपलब्धता, मांग में बढ़ोतरी आदि को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि अप्रैल और मई माह में लघु अवधि आधार पर एक्सचेंज से बिजली खरीद के लिए निविदा जारी कर दी गई हैं। बैठक में जोधपुर डिस्कॉम की ओर से कुछ सब-स्टेशनों पर ऊर्जा भण्डारण प्रणाली के माध्यम से कृषि उपभोक्ताओं को दिन के दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति करने के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। अशोक शर्मा/ 5 बजे/11 मार्च 2026