राज्य
11-Mar-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा राज्य की विद्युत उत्पादन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 46 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट एचटीटीपीएस://डब्ल्यूडब्ल्यूडब्लयू.एमपीपीजीसीएल.एमपी.जीओव्ही.इन के करियर अनुभाग में अपलोड कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य की विद्युत कंपनियों में सीधी भर्ती के माध्यम से नियमित अंतराल पर रिक्त पदों की पूर्ति की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा दिनांक 7 जुलाई 2025 को वर्ग-2, वर्ग-3 एवं वर्ग-4 के अंतर्गत 18 विभिन्न पदों की पूर्ति हेतु भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। इसके अंतर्गत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन 3 से 5 नवंबर 2025 के मध्य राज्य के विभिन्न शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इसके पूर्व पिछले माह कंपनी द्वारा दस्तावेज सत्यापन तथा निर्धारित पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण उपरांत 180 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। जारी नियुक्ति आदेशों के अनुसार वर्ग-2 के पदों के लिए चयनित 46 अभ्यर्थियों में सहायक अभियंता (यांत्रिकी) प्रशिक्षु 8, सहायक अभियंता (इलेक्ट्रिकल) प्रशिक्षु 5, सहायक अभियंता (इलेक्ट्रॉनिक्स) प्रशिक्षु 7, सहायक अभियंता (सिविल) प्रशिक्षु 16, पाली (शिफ्ट) रसायनज्ञ प्रशिक्षु 8 और कार्मिक अधिकारी प्रशिक्षु 2 अभ्यर्थी शामिल हैं। नियुक्ति आदेश पत्रों में अभ्यर्थियों के लिए पदस्थापना स्थल, रिपोर्टिंग की तिथि, समय-सीमा तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्देशों का अवलोकन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करें। वर्ग-3 व वर्ग-4 के पद जिनमें कनिष्ठ अभियंता संयंत्र – अभियांत्रिकी, कनिष्ठ अभियंता संयंत्र–इलेक्ट्रिकल, कनिष्ठ अभियंता संयंत्र – इलेक्ट्रानिक्स, कनिष्ठ अभियंता सिविल, संयंत्र सहायक अभियांत्रिकी, संयंत्र सहायक इलेक्ट्रिकल, कार्यालय सहायक श्रेणी-3, भंडार सहायक, कनिष्ठ शीघ्रलेखक, अग्निशामक, सुरक्षा सैनिक, वार्ड बॉय शामिल हैं, के आदेश भी पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा शीघ्र जारी किए जाएंगे। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नई पीढ़ी के इन प्रतिभाशाली युवाओं के जुड़ने से कंपनी को सक्षम एवं तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन प्राप्त होगा। कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने जानकारी दी कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराया गया है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा के सफल आयोजन से लेकर परिणामों की समयबद्ध घोषणा, दस्तावेज सत्यापन व अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित रूप से पूरा किया गया, जिसके उपरांत योग्य अभ्यर्थियों को प्रशिक्षणार्थी अधिकारी के रूप में नियुक्ति प्रदान की गई है। सुनील साहू / मोनिका / 11 मार्च 2026/ 03.48