क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गढ़ा उप संभाग में कार्यरत एक आउटसोर्स लाइन कर्मी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जबलपुर सिटी सर्किल के शहर संभाग दक्षिण में पदस्थ आउटसोर्स लाइन कर्मी सुरेंद्र रजक बुधवार सुबह 9 बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। कार्यस्थल पर पहुंचते ही उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टर निगरानी रखे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारी संघ ने प्रबंधन से आर्थिक सहायता की मांग की है। संघ के पदाधिकारी मोहन दुबे, दशरथ शर्मा, केएन लोखंडे, शशि उपाध्याय, महेश पटेल, मदन पटेल और पीएन मिश्रा ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से आग्रह किया है कि आउटसोर्स कर्मी सुरेंद्र रजक के इलाज के लिए तत्काल सहायता राशि प्रदान की जाए। संघ ने मानवीय आधार पर शीघ्र निर्णय लेने और कर्मी के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। सुनील साहू / शहबाज / 11 मार्च 2026