क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


- होटल-सराफा कारोबार प्रभावित, घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी जबलपुर, (ईएमएस)। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब जबलपुर में साफ दिखाई देने लगा है। शहर में पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित है। खासतौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी ने होटल, रेस्टॉरेंट, केटरिंग और सराफा कारोबार की कमर तोड़ दी है। वहीं घरेलू उपभोक्ता भी सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर 13 सौ रुपए तक में बिकने की बात सामने आ रही है। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ हॉकर चोरी-छिपे ब्लैक में सिलेंडर उपलब्ध कराने की पेशकश कर रहे हैं। गैस एजेंसियों पर बुकिंग के बावजूद डिलीवरी में देरी हो रही है। लोग सुबह से एजेंसियों के बाहर जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा। होटल-रेस्टॉरेंट पर संकट… कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई लगभग ठप होने से शहर के होटल और रेस्टॉरेंट संचालक परेशान हैं। कई छोटे होटल संचालकों का कहना है कि उनके पास सीमित स्टॉक बचा है। यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो होटल बंद करने की नौबत आ सकती है। शादी-विवाह के सीजन में केटरिंग कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सराफा बाजार में हाथ खाली …. जबलपुर सराफा बाजार भी गैस संकट से अछूता नहीं है। यहां करीब 2 हजार से अधिक कारीगर सोना-चांदी के आभूषण बनाने का काम करते हैं। प्रत्येक कारीगर को औसतन महीने में तीन सिलेंडर की आवश्यकता होती है। इस हिसाब से सराफा बाजार में हर महीने करीब 9 हजार सिलेंडर और रोजाना लगभग 300 सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। सप्लाई बाधित होने से उत्पादन पर असर पड़ रहा है और ऑर्डर समय पर पूरे करना मुश्किल हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ गैस की कमी का असर शहर के चाय-नाश्ते की दुकानों, फास्ट फूड ठेलों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों पर भी पड़ा है। कई दुकानदार वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लकड़ी या कोयले का सहारा लेने की सोच रहे हैं, जिससे खर्च बढ़ने की आशंका है। शादियों में बढ़ी टेंशन…. जिन घरों में शादी या अन्य आयोजन हैं, वहां गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है। घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी में देरी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि स्थिति जल्दी नहीं सुधरी तो शहर में गैस को लेकर हाहाकार की स्थिति बन सकती है। प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग........ व्यापारियों और आम नागरिकों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर गैस सप्लाई सामान्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो होटल-रेस्टॉरेंट बंद होने और रोजमर्रा की जरूरतों पर गंभीर असर पड़ सकता है। सुनील साहू / शहबाज / 11 मार्च 2026/ 06.22