श्योपुर ( ईएमएस ) | अपर मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग श्रीमती रश्मि अरूण शमी द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन की तैयारियों को लेकर मंत्रालय स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न जिलों के कलेक्टर्स को निर्देशित किया गया कि रबी उपार्जन हेतु पंजीयन कराए हुए किसानों का सत्यापन समय पर सुनिश्चित किया जाए तथा इस कार्य को गंभीरता से लिया जाए। इसके साथ ही बताया गया कि उपार्जन से संबंधित बारदानों की आपूर्ति भेजी जा रही है, ताकि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ऐसी कृषि उपज स्वीकार न की जाए, जिसमें अन्य कण पाए जाएं। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए ही गेहूं की खरीदी की जाए। बैठक में बताया गया कि किसानों को गेहूं उपार्जन का भुगतान केवल आधार से लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा। इसलिए सभी पंजीकृत किसान यह सुनिश्चित करें कि उनका बैंक खाता आधार से लिंक हो, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न आए। उक्त बैठक के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी फूड श्री विजय शाक्य सहित कृषि, सहकारिता, कॉपरेटिव आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन 23 मार्च से शुरू होगा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने वीसी के उपरांत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए श्योपुर जिले में बनाये गये सभी 33 उपार्जन केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। उन्होने बताया कि गोदाम स्तर पर 20 केन्द्रों द्वारा खरीदी का कार्य किया जायेगा, जिले में गेहूं उपार्जन के लिए 18 हजार 433 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। गेहूं खरीदी 40 रूपये अतिरिक्त बोनस सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से की जायेगी।