राज्य
11-Mar-2026


:: 15 मार्च को प्रेस क्लब में जुटेंगे शहर के जल विशेषज्ञ, जल स्रोतों की शुद्धि और सावधानियों पर रखेंगे अपने विचार :: इंदौर (ईएमएस)। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में विश्व जल दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार, 15 मार्च को एक महत्वपूर्ण परिसंवाद का आयोजन किया जा रहा है। भूजल स्रोतों की शुद्धि और पुनर्भरण में सावधानी विषय पर केंद्रित यह विशेष संगत सुबह 10 बजे से इंदौर प्रेस क्लब के राजेंद्र माथुर सभागृह में आयोजित होगी। संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, कुमार सिद्धार्थ एवं किशोर पंवार ने बताया कि वर्तमान समय में गिरते भूजल स्तर और दूषित होते जल स्रोतों को देखते हुए यह विषय बेहद प्रासंगिक है। इस चर्चा में भारत सरकार की ओर से पेयजल सुरक्षा के लिए नियुक्त पूर्व राष्ट्रीय नोडल अधिकारी डॉ. सुधीन्द्र मोहन शर्मा और आरआर केट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक निकेतन सेठी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। ये विशेषज्ञ अपने अनुभवों के आधार पर भूमिगत जल स्रोतों को शुद्ध रखने और उनके पुनर्भरण के दौरान बरती जाने वाली तकनीकी सावधानियों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर के जागरूक नागरिक अजीत सिंह नारंग करेंगे, जबकि संचालन मेघा बर्वे द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जल वितरण और जल संरक्षण व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। संस्था ने शहर के सभी जागरूक और सुधि नागरिकों से इस महत्वपूर्ण चर्चा में शामिल होने की अपील की है ताकि जल संरक्षण की दिशा में सही और सुरक्षित कदम उठाए जा सकें। प्रकाश/11 मार्च 2026