राज्य
11-Mar-2026
...


:: बिजली कंपनी एमडी ने 15 अधीक्षण यंत्रियों के साथ की समीक्षा बैठक; पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के दिए आदेश :: इंदौर (ईएमएस)। वित्तीय वर्ष के अंतिम पड़ाव पर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए सख्ती बढ़ा दी है। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी 15 जिलों के अधीक्षण यंत्रियों को निर्देश दिए कि मार्च के शेष 20 दिनों में हर हाल में राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना के बावजूद बिल जमा न करने वाले बकायादारों के कनेक्शन विच्छेदन सहित सभी विधिवत कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की जाए। प्रबंध निदेशक ने इंदौर (शहर एवं ग्रामीण), उज्जैन, देवास, धार, आगर, शाजापुर और रतलाम जिलों को विशेष फोकस के साथ सघन वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, औद्योगिक, गैर-घरेलू और घरेलू श्रेणी के सभी बकायेदारों से पुरानी राशि वसूलने के लिए मैदानी अमले को सक्रिय करने को कहा। इसके अतिरिक्त विजिलेंस और स्मार्ट मीटर सेल के प्रभारियों को भी वसूली कार्यों का स्वयं निरीक्षण करने के लिए फील्ड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। :: पेयजल स्रोतों की बिजली आपूर्ति में न हो व्यवधान :: गर्मी के आगमन को देखते हुए प्रबंध निदेशक ने पेयजल आपूर्ति करने वाले विद्युत कनेक्शनों की मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से जुड़े कनेक्शनों में बिजली की कोई भी बाधा नहीं आनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। :: दैनिक लक्ष्य के आधार पर होगी समीक्षा :: वाणिज्य शाखा को निर्देशित किया गया है कि वे मार्च के शेष दिनों के लिए सर्कल और डिवीजन वार दैनिक लक्ष्य निर्धारित करें और प्रतिदिन इनकी प्रगति की समीक्षा करें। बैठक में समाधान योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुँचाने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान, मुख्य अभियंता सुषमा गंगराड़े, राजेश चंद्र जैन, बीएल चौहान सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/11 मार्च 2026