राज्य
11-Mar-2026
...


:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की समीक्षा; बड़े बकायादारों पर कार्रवाई, खाली प्लॉटों पर लगेंगे बोर्ड :: इंदौर (ईएमएस)। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम पड़ाव और आगामी 14 मार्च को होने वाली नेशनल लोक अदालत को देखते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राजस्व वसूली की समीक्षा की। सिटी बस ऑफिस में आयोजित इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक अदालत के पूर्व विशेष अभियान चलाकर बकाया कर की वसूली को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। महापौर ने खाली पड़े प्लॉटों पर निगम की संपत्ति के बोर्ड लगाने के साथ ही बड़े बकायादारों से व्यक्तिगत संपर्क कर वसूली तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि 30 दिन से अधिक समय से लंबित संपत्ति नामांतरण के मामलों को समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक में राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान, अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, उपायुक्त केशव सगर, प्रदीप जैन सहित सभी सहायक राजस्व अधिकारी और बिल कलेक्टर उपस्थित थे। :: करदाताओं से की अपील :: महापौर ने करदाताओं से अपील की है कि वे लोक अदालत के दौरान मिल रही सरचार्ज में छूट का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपना बकाया कर जमा कर निगम के विकास कार्यों में सहयोग दें। प्रकाश/11 मार्च 2026