- सेंसेक्स 900 अंक टूटा, निफ्टी 23600 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। कारोबार की शुरुआत से ही बाजार पर बिकवाली का दबाव देखा गया, जिससे प्रमुख सूचकांकों में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की जोखिम लेने की प्रवृत्ति पर तेल की बढ़ती कीमतों का नकारात्मक असर पड़ता दिखाई दे रहा है। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स गुरुवार सुबह 76,369 अंकों के स्तर पर खुला, लेकिन खुलते ही इसमें गिरावट बढ़ने लगी। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 867.44 अंक की गिरावट के साथ 75,996.27 अंकों पर कारोबार करता हुआ देखा गया। इसी तरह निफ्टी 50 भी कमजोरी के साथ 23,674.85 अंकों पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह तेजी से नीचे फिसलकर 23,600 अंकों के स्तर से भी नीचे 274.35 अंक की गिरावट के साथ 23,592.50 अंकों पर ट्रेड करता हुआ देखा गया। बाजार में गिरावट का मुख्य कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी को माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड आयल की कीमत एशियाई कारोबार के दौरान लगभग 8 प्रतिशत बढ़कर 100.18 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ने और कंपनियों की लागत में वृद्धि की आशंका बढ़ जाती है, जिससे निवेशकों में सतर्कता देखी जाती है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, मेटल, रियल्टी और कंज्यूमर कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। सतीश मोरे/12मार्च ---