व्यापार
12-Mar-2026
...


- सोना 1.61 लाख के पास, चांदी लगभग 2.67 लाख रुपए पर नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी के भाव तेजी के साथ खुले, लेकिन कारोबार के दौरान इनमें सुस्ती देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी के वायदा भाव शुरुआती बढ़त गंवाते हुए हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों की कीमतों में नरमी का रुख देखा गया। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 1,010 रुपये की तेजी के साथ 1,62,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 1,61,789 रुपये था। हालांकि बाद में इसमें गिरावट आ गई और यह कॉन्ट्रैक्ट 462 रुपये की कमजोरी के साथ करीब 1,61,327 रुपये पर कारोबार कर रहा था। गुरुवार के कारोबार के दौरान सोने ने 1,62,991 रुपये का दिन का उच्च स्तर और 1,61,081 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस वर्ष अब तक सोना 1,80,779 रुपये के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। चांदी के वायदा भाव की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मई कॉन्ट्रैक्ट 721 रुपये की बढ़त के साथ 2,69,212 रुपये प्रति किलो पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,68,491 रुपये था। हालांकि बाद में इसमें भी गिरावट देखने को मिली और खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 875 रुपये की कमजोरी के साथ लगभग 2,67,616 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करता नजर आया। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,69,212 रुपये का उच्च स्तर और 2,66,174 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल चांदी का उच्चतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी के वायदा भाव शुरुआती तेजी के बाद नरम पड़ गए। कॉमेक्स पर सोना 5,185.40 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में करीब 5,158.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 86.06 डॉलर पर खुलकर लगभग 84.92 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती नजर आई। सतीश मोरे/12मार्च ---