12-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल के दौरान विधायक राघवेंद्र सिंह ने राज्य में सड़क हादसों में बढ़ती मौतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु के कारणों और किए जा रहे उपायों पर सवाल पूछा। इस पर सड़क परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दुर्घटनाओं का मुख्य कारण वाहनों की संख्या में वृद्धि और लोगों में लापरवाही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या कम हो। राघवेंद्र सिंह ने पूछा कि अकलतरा क्षेत्र में 2024-25 में मौतों में वृद्धि हुई और 2026 में भी 13 मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि भारी और हल्के वाहनों पर ड्रिंक एंड ड्राइव की कितनी कार्रवाई हुई। मंत्री केदार कश्यप ने जवाब दिया कि जांजगीर-चांपा क्षेत्र में 2023 में 29,104, 2024 में 39,000 और 2025 में 41,000 वाहनों पर कार्रवाई हुई। विधायक ने सुझाव दिया कि बड़े वाहनों पर विशेष अभियान चलाकर चेकिंग की जाए और बायपास एवं ट्रामा सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। मंत्री ने कहा कि ट्रामा सेंटर के लिए स्वास्थ्य विभाग काम कर रहा है और जांजगीर क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने सवाल उठाया कि स्मार्ट सिटी में सड़क दुर्घटनाओं के लिए अंतर्विभागीय समिति बनी है, लेकिन दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार कौन है। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग मिलकर इस पर काम करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट और ट्रामा सेंटर की सुविधा भी विकसित की जानी चाहिए। मंत्री केदार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के सुझाव पर अमल किया जाएगा। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 मार्च 2026