इंदौर (ईएमएस)। ग्रीष्म ऋतु के दौरान शहर में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर निगम इंदौर का फायर विभाग हाई अलर्ट पर है। कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के कड़े निर्देशों के बाद विभाग द्वारा शनिवार से शहर के विभिन्न व्यावसायिक संकुलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में फायर सुरक्षा मॉक ड्रिल का विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और संस्थान के कर्मचारियों के बीच आग लगने की स्थिति में बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ड्रिल के दौरान फायर टीम द्वारा आपात स्थिति में त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया गया। साथ ही अग्नि शमन यंत्रों के सही उपयोग और आपातकालीन निकास की योजना के बारे में विस्तार से समझाया गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में कोताही बरतने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/04 अप्रैल 2026