- 8 माह की गर्भवती थी पत्नी - पहले पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या गुना (ईएमएस)। जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत रूठियाई कस्बे में गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे पर स्थित एक ईंट भट्टे के अस्थाई निवास में पति-पत्नी की लाशें मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं, जो पूरी तरह डीकंपोज (सड़ चुके) होकर काले पड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। - कमरे से आती बदबू ने खोला राज जानकारी के अनुसार, मृतक दंपत्ति सूरज सहरिया (24) और उसकी पत्नी आरती अहिरवार (22) बजरंगगढ़ की बीसभुजा कॉलोनी के रहने वाले थे। दोनों करीब पांच-छह महीने से रूठियाई में राधेश्याम पारदी के पंचवटी ढाबे के सामने स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम कर रहे थे। पिछले तीन-चार दिनों से जब दंपत्ति अपने कमरे से बाहर नहीं निकले और गुरुवार को वहां से असहनीय बदबू आने लगी, तब अन्य मजदूरों ने खिडक़ी से झांककर देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। - खौफनाक मंजर, फर्श पर पत्नी, फंदे पर पति पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो नजारा बेहद खौफनाक था। पत्नी आरती का शव जमीन पर फर्श पर पड़ा हुआ था, जबकि सूरज का शव फंदे पर लटका मिला। आरती करीब 8 महीने की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि दोनों पड़ोस में ही रहते थे और करीब एक साल पहले ही उन्होंने प्रेम विवाह किया था। - हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका प्रारंभिक जांच और शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि संभवत: पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। जानकारी के अनुसार सूरज की एक अन्य पत्नी बताई जाती है इसी को लेकर संभवत: दोनों में विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि सूरज ने पहले अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी की गला दबाकर या किसी अन्य तरीके से हत्या की होगी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। - इन बिंदुओं पर टिकी पुलिस की जांच धरनावदा पुलिस के अनुसार, मामला प्रेम विवाह और आपसी तनाव से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या कोई तीसरा व्यक्ति इस घटना में शामिल था या यह घरेलू कलह का खौफनाक परिणाम है। चूंकि शव 3-4 दिन पुराने हैं, इसलिए साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद सुसाइड का लग रहा है, क्योंकि कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने शवों केा गुना भेजकर पीएम कराया है।।सीताराम नाटानी