राज्य
12-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। बिंदापुर में मंसा राम पार्क झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से 80 झुग्गियां जलकर राख हो गईं और सैकड़ों लोग बेघर हो गए। दमकल की 28 गाड़ियों ने तड़के 3 बजे आग पर काबू पाया। दिल्ली के द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र के मंसा राम पार्क स्थित झुग्गी बस्ती में बुधवार देर रात भीषण आग ने तबाही मचा दी। करीब 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और सैकड़ों लोग बेघर हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस के मुताबिक 11 मार्च की रात करीब 11 बजकर 57 मिनट पर पीसीआर कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बिंदापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात अचानक लगी आग से बस्ती में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से बड़ा हादसा टल गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 28 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की और 12 मार्च तड़के करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। तब तक करीब 80 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। झुग्गी में रहने वाले लोगों का सारा सामान और घर राख हो गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026