क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ईरान-इजरायल संघर्ष से भारत में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है, जिससे दिल्ली के कनॉट प्लेस जैसे लोकप्रिय फूड हब भी प्रभावित हैं। यहां छोले-भटूरे जैसी पसंदीदा व्यंजन उपलब्ध नहीं हैं। ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से कई राज्यों में 20 फीसदी तक होटल बंद हो गए हैं। बाहर के खाने पर निर्भर करने वाले बैचलर और अन्य लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। वहीं, फूड बिजनेस पर भी भारी असर पड़ा है। दिल्ली का लोकप्रिय कनॉट प्लेस भी इस मार से अछूता नहीं है। दिल्ली के कनॉट प्लेस (सीपी) में फेमस फूड जॉइंट्स को भी इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है। केवल बिजनेस ही नहीं, लोग भी अब अपने पसंदीदा स्वाद के लिए कुछ दिन तरसने को मजबूर हैं। दरअसल, सीपी के फेमस छोले-भटूरे की दुकान पर अब आपको भटूरे नहीं केवल चावल मिलेंगे। छोले-भटूरे की दुकान पर पोस्टर लगाया गया है जिसपर लिखा है, अब सिर्फ चावल मिलेंगे। यहां की गलियों में दशकों से एक दुकान है जो छोले-भटूरे के लिए मशहूर है। लोग मीलों दूर से यहां केवल छोले के चटकारे लेने आया करते हैं, लेकिन अब उस दुकान के बाहर एक पोस्टर चिपका दिया गया है कि वहां पर चावल के अलावा कुछ नहीं मिल पाएगा। यह सिर्फ एक दुकान की बात नहीं है। ये उस आग की कहानी है जो हजारों किलोमीटर दूर ईरान और इजरायल के बीच लगी है और जिसकी तपिश अब भारत की रसोई तक पहुंच गई है। वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के बीच एलपीजी आपूर्ति में अनियमितता के कारण दिल्ली के कई रेस्टोरेंट ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं। इस वजह से परोसे जाने वाले व्यंजनों में फेरबदल, लागत बढ़ने और कर्मचारियों के वेतन को लेकर चिंता जैसी समस्याएं पैदा होने लगी हैं। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि कई रोस्टोरेंट फिलहाल वैकल्पिक इंतजामों के जरिये स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन व्यवधान लंबे समय तक जारी रहने पर छोटे प्रतिष्ठानों के लिए बढ़ती लागत को संभाल पाना मुश्किल हो सकता है। सरकार ने पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को एलपीजी उत्पादन, सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरत पूरी होने के बाद ही अन्य उद्योगों को गैस दी जाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026