केंद्रीय मंत्री शाह, गड़करी और यूपी के सीएम योगी ने किया पोस्ट नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दांडी मार्च की वर्षगांठ पर इसमें शामिल सभी विभूतियों को याद कर एक संस्कृत सुभाषितम् शेयर किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट किया, 1930 में आज ही के दिन दांडी मार्च की शुरुआत हुई थी। इसमें शामिल सभी विभूतियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण। उन्होंने संस्कृत सुभाषितम् लिखा, सत्यमेव जयति नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः। येनाक्रमन्त्यृषयो ह्याप्तकामा यत्र तत्सत्यस्य परमं निधानम्॥ इस सुभाषितम् का संदेश है कि सदैव सत्य की ही विजय होती है और असत्य का नाश होता है। इसलिए उस मार्ग का अनुसरण होना चाहिए, जिस मार्ग पर चलकर ऋषियों ने आनंद और परमसत्य की प्राप्ति की। इसके पहले स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण अध्याय दांडी नमक सत्याग्रह की वर्षगांठ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने महात्मा गांधी को याद किया। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने पोस्ट किया, 1930 में आज ही के दिन गांधी जी ने दांडी सत्याग्रह शुरू किया था, इस मार्च ने हर आयु और वर्ग के भीतर स्वतंत्रता की इच्छा को और प्रबल बनाया। यह स्वदेशी की दिशा में उठाया गया ऐसा कदम था, जिसने स्वाधीनता आंदोलन की दिशा बदल दी। दांडी सत्याग्रह के सभी महापुरुषों को नमन करता हूं। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, गांधी ने 1930 में आज ही के दिन अंग्रेजों के अत्याचारी नमक कानून के विरोध में साबरमती आश्रम से ऐतिहासिक दांडी नमक सत्याग्रह की शुरुआत की थी, इस सत्याग्रह ने भारतीय स्वाधीनता संग्राम को नई दिशा दी। स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण अध्याय दांडी नमक सत्याग्रह की वर्षगांठ के मौके पर पूज्य गांधी और सभी सत्याग्रहियों को विनम्र अभिवादन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, पूज्य बापू और अमर संघर्ष के सभी सत्याग्रहियों को कोटि-कोटि नमन। साल 1930 में आज ही के दिन गांधी जी के नेतृत्व में साबरमती आश्रम से आरंभ हुआ दांडी नमक सत्याग्रह भारतीय स्वाधीनता संग्राम की उस ज्योति का प्रज्ज्वलन था, जिसने जन-जन में आत्मबल और स्वराज का नया मंत्र भर दिया। आशीष दुबे / 12 मार्च 2026