क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


- शासकीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परिचर्चा शिवपुरी (ईएमएस)। महिलाओं को सम्मान और बराबरी का अधिकार देकर ही भारतीय समाज वास्तविक प्रगति के मानकों को छू सकता है! महिलाएं अपनी क्षमता को साबित करते हुए विकास के शिखर तक पहुंच चुकी है परंतु अभी भी महिलाओं को उनका पूरा अधिकार नहीं मिला है, यह चिंता का विषय है। उक्त उद्गार व्यक्त करते हुए शासकीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पवन कुमार श्रीवास्तव ने कहा की महिलाओं ने अपनी योग्यता साबित कर दी है, समाज को उसे स्वीकारना होगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम में डॉ. मंजूलता गर्ग ने इस दिवस के इतिहास का परिचय देते हुए इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्रा रौनक शर्मा, छात्र अरिल श्रीवास्तव, व रितेश शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। डॉ गुलाब सिंह ने कई प्रेरक उदाहरण देकर स्त्रियों की शक्ति के प्रति समाज की अस्वीकारता को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कार्यक्रम में डॉ. दिव्या तोमर ने महिलाओं के प्रति हो रहे भेदभाव पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि मातृ शक्ति की स्वीकार्यता समाज की उन्नति के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ नैंसी मौर्य ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया। डॉ. पुनीत कुमार ने साहित्य में उपलब्ध अनेक उदाहरणों से महिला अस्मिता को स्थापित करने की आवश्यकता को स्पष्ट किया। कार्यक्रम का जीवंत संचालन करते हुए डॉ. शालिनी राय ने सभी सहभागियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। रंजीत गुप्ता/12/03/2026