क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस) मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना श्री अमिताभ मिश्र के मार्गदर्शन में दिनांक 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहनो को हरी झंडी दिखाकर जिला न्यायालय परिसर से रवाना किया गया। उक्त प्रचार वाहनों में विद्युत विभाग, नगर पालिका के वाहन सम्मिलित हुए। उक्त अवसर पर श्रीमती वंदना त्रिपाठी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि उक्त प्रचार वाहनों द्वारा संपूर्ण गुना जिले की नगरीय सीमाओं, बाजार, मोहल्लों मे जाकर नेशनल लोक अदालत का प्रचार-प्रसार कर आमजन को नेशनल लोक अदालत मे आपसी राजीनामा कर अपने न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु जागरूक किया जावेगा। दिनांक 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत मे जिला न्यायालयों एवं तहसील राघौगढ, चांचौडा़ एवं आरोन के न्यायालयों में 1093 लंबित प्रकरण एवं बैंक, विद्युत एवं नगर पालिका के 4200 प्रीलिटिगेशन प्रकरण निराकरण हेतु रखे गये है। उक्त प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला स्तर पर 15 खंडपीठ एवं तहसील राघौगढ मे 05, चांचौडा़ मे 03 एवं आरोन में 01 खंडपीठ का गठन किया गया है। उक्त नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में लंबित सिविल, आपरधिक, चैकबाउंस, क्लेम, भू अर्जन, पारिवारिक मामले, एवं अन्य प्रकृति के राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही बैंक, विद्युत, बीएसएनएल के साथ ही नगर पालिका के जलकर, संपत्तिकर आदि से संबंधित प्रकरणों का भी निराकरण किया जावेगा। आमजन दिनांक 14 मार्च 2026 को आयेाजित होने वाली नेशनल लोक अदालत मे अपने प्रकरणों का आपसी राजीनामा से निराकरण करा सकते है। इसके साथ ही उक्त लोक अदालत मे विद्युत कंपनी, बैंक एवं नगर पालिका द्वारा भी प्रदाय की जाने वाली छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उक्त अवसर पर जिला न्यायाधीश सुरेश कुमार सूर्यवंशी, ओ. पी. रघुवंशी, सुश्री शैलजा गुप्ता,राघवेन्द्र भारद्वाज, राधाकिशन मालवीय, श्रीमती सोनाली शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री मधुलिका मुले सहित अन्य न्यायाधीशगण, सचिव अधिवक्ता संघ, सहित विद्युत एवं नगर पालिका के अधिकारीगण, लीगल एड डिफेंस कांउसेल सिस्टम के अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, जिला न्यायालय एवं जिला प्राधिकरण गुना कर्मचारीगण उपस्थित रहे।-सीताराम नाटानी