क्षेत्रीय
12-Mar-2026


कोण्डागांव (ईएमएस)। कोपाबेड़ा में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एचडीएफसी बैंक परिवर्तन - अंबुजा फाउंडेशन के माध्यम से 16 गांवों के किसानों के लिए एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कोपबेड़ा स्थित मत्स्य विभाग के शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र एवं उद्यानिकी विभाग के शासकीय उद्यान रोपणी में संपन्न हुआ, जिसमें किसानों को कृषि एवं आजीविका से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य विभाग से सहायक संचालक मछली पालन योगेश कुमार देवांगन ने किसानों को मछली पालन की आधुनिक तकनीकों, तालाब प्रबंधन तथा आय बढ़ाने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं उद्यानिकी विभाग से उद्यान अधीक्षक लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने किसानों को कृषि वानिकी, पौधरोपण तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंतर्गत हिमाचल नेताम ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के मार्गदर्शन में रोपणी में किसानों को फील्ड विजिट भी कराया गया, जिसमें नारियल बोर्ड का भ्रमण कराकर किसानों को उससे संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में 16 गांवों के 50 किसान, स्वयंसेवक तथा अंबुजा फाउंडेशन की नेहा कुशवाहा, भूपेन्द्र ठाकुर, रुद्रनारायण जोशी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण से किसानों को नई तकनीकों एवं योजनाओं की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 मार्च 2026