देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड के देहरादून में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत बड़ा सत्यापन अभियान चलाया। गुरुवार को पुलिस ने व्यापक कार्रवाई कर 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। पुलिस इन्हें दो बसों में भरकर थाने लेकर आई। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में सघन जांच की। अभियान के दौरान बाहरी जिलों और अन्य राज्यों से आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने कुल 469 लोगों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कई व्यक्ति पाए गए जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसतरह के 49 लोगों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। 92 मकान मालिकों पर पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों का चालान कर 12,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इसतरह सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही मकान मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके। आशीष दुबे / 12 मार्च 2026