राष्ट्रीय
12-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने गुरुवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब में कुल 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. सीबीआई के मुताबिक यह गिरोह सोशल मीडिया, मोबाइल ऐप और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम नौकरी का लालच देता था. शुरुआत में लोगों से छोटी रकम निवेश करवाई जाती थी और उन्हें नकली मुनाफा दिखाकर भरोसा दिलाया जाता था. इसके बाद उनसे बड़ी रकम निवेश करवा ली जाती थी. जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई फर्जी बैंक खातों के जरिए घुमाई जाती थी और फिर विदेशी फिनटेक प्लेटफॉर्म, खासकर दुबई स्थित “Pyypl” के जरिए विदेशों में निकाल ली जाती थी. कई मामलों में यह पैसा क्रिप्टोकरेंसी में भी बदला गया. सुबोध/१२-०३-२०२६