राज्य
12-Mar-2026


:: इंदौर जिले के 74 हजार से अधिक किसानों के खातों में सीधे पहुंचेगी राशि :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के करोड़ों किसानों के लिए खुशी की खबर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार, 13 मार्च को योजना की 22वीं किश्त का वितरण करेंगे। इस गौरवशाली अवसर पर इंदौर जिले के 680 ग्रामों के 74 हजार 140 पात्र हितग्राही किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में उन्हें आर्थिक संबल प्राप्त होता है। इस महत्वपूर्ण किश्त वितरण के लिए इंदौर में जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष क्रमांक-110 में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के गुवाहाटी से वर्चुअल माध्यम से देशभर के किसानों को संबोधित करेंगे और एक क्लिक के जरिए राशि का हस्तांतरण करेंगे। इंदौर में होने वाले इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वेब कास्ट के माध्यम से भी किया जाएगा, जिसे किसान और आमजन निर्धारित लिंक (https://webcast.gov.in/mp/cmevents) पर देख सकेंगे। प्रशासन द्वारा जिला स्तर पर इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रकाश/12 मार्च 2025