रुद्रपुर (ईएमएस)। सितारगंज पुलिस ने लूट की घटना के बाद गुरुवार को एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग कर हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। 10 मार्च को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि औदली क्षेत्र में दो बदमाशों ने युवक अरुण सिंह की गर्दन पर हथियार रखकर उसकी बजाज प्लेटिना बाइक लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस जब आरोपी गुरमीत सिंह के घर पहुंची तो वहां मौजूद चार लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान गुरमीत सिंह ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग भी कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने बाद में दबिश देकर इंद्रजीत उर्फ दिलबाग, गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गुरमीत सिंह फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों पर पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/12 मार्च 2026